वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क किया गया है
कोलकाता। खड़दह थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक बड़ी पुलिस कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। खड़दह और कामारहाटी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह छापेमारी गुप्त सूचना के आधार पर की, जिसमें मौलाना सलीम रोड निवासी नईम अंसारी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के आवास से चार देशी पाइप गन, चार राउंड 8 एमएम कारतूस, पांच राउंड .38 कैलिबर कारतूस, तीन राउंड 7.62 एमएम कारतूस और एक राउंड .318 नाइट्रो कारतूस जब्त किए हैं। यह बरामदगी इलाके में सक्रिय किसी संगठित आपराधिक नेटवर्क की ओर संकेत करती है, जिसे लेकर पुलिस ने जांच तेज़ कर दी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने पानीहाटी के नयाबस्ती इलाके में स्थित नईम के घर पर सोमवार देर रात को छापा मारा। छापेमारी की भनक लगते ही आरोपित ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे आगरपाड़ा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित से हथियारों की आपूर्ति, खरीद-फरोख्त और उनके संभावित इस्तेमाल को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि हथियार कहां से लाए गए और किस उद्देश्य से इतने लंबे समय तक घर में छुपाकर रखे गए थे। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि इस गतिविधि से कोई बड़ा आपराधिक गिरोह तो नहीं जुड़ा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क किया गया है।